लखनऊ में विमान से पक्षी टकराया, उड़ान रद्द
लखनऊ में हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह जेटलाइट के एक विमान से पक्षी टकरा जाने के कारण उड़ान रद्द कर दी गई। घटना उस समय हुई जब विमान रनवे पर दौड़ रहा था। इसमें 144 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ-दिल्ली उड़ान संख्या एस2138 वाला विमान रनवे पर दौड़ रहा था, जिससे पक्षी टकरा गया। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। इस घटना के बाद विमान वापस लौट आया।
इंजीनियर पक्षी के टकराने से हुए नुकसान की जांच कर रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम सभी यात्रियों को दूसरी उड़ान से भेज रहे हैं।’’

