महंगाई पर राष्ट्रपति से मिलेंगे भाजपा नेता

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी पार्टी संगठन को दुरूस्त करने की कोशिशों में जोरशोर से जुट गए हैं। प्रदेश अध्यक्षों तथा प्रभारियों की एक बैठक में उन्होंने बुधवार को विभिन्न पदों पर बैठे कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने के लिए जोरशोर से जुट जाने का निर्देश दिया।
दिल्ली में आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए गडकरी ने कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के खिलाफ  कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने महंगाई, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के राजनीतिक दुरुपयोग और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदामों में सड़ रहे अनाज के खिलाफ  अभियान चलाने की घोषणा की।
बैठक के बाद संवाददाताओं को इसकी जानकारी देते हुए पार्टी महासचिव अनंत कुमार ने कहा कि भाजपा महंगाई के खिलाफ देश भर से एकत्रित किए गए 10 करोड़ हस्ताक्षरों को गुरुवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को सौंपेगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार 12 बजे विजय चौक पर एकत्रित होकर पार्टी नेता जुलुस की शक्ल में राष्ट्रपति भवन की ओर कूच करेंगे। आगामी कार्यक्रमों के बारे में उन्होंने बताया कि पार्टी सीबीआई मुख्यालय पर भी प्रदर्शन करेगी। साथ ही एफसीआई के गोदामों में जहां-जहां अनाज सड़ रहे हैं वहां पार्टी के लोग छापामारी अभियान चलाएंगे।

Poll

क्या सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में कोई चुनौती मिलनी चाहिए?: