प बंगाल में छात्रों पर फायरिंग,दो की मौत

उत्तर दिनाजपुर- स्कूल की जमीन पर कब्जे का विवाद छात्रों के उग्र होने से इस कदर बिगड़ गया कि पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। गोली लगने से दो छात्रों की मौत हो गई। घटना पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर की है। छात्रों ने चार सरकारी बस और पुलिस के तीन वाहन भी फूंक दिए।

इस्लामपुर थाने के गांव श्रीकृष्णपुर में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गणेश गाइन नामक व्यक्ति को साथ लेकर भूमि संरक्षण विभाग के विकास खंड भू राजस्व अधिकारी [बीएलआरओ] विश्वदीप मुखर्जी स्कूल पहुंचे। गणेश गाइन का कहना है कि स्कूल की जमीन उनकी है। गुरुवार को जब स्कूल की जमीन को चिह्नित किया जा रहा था, तभी स्थानीय छात्र व अभिभावकों ने उनका विरोध किया। इन्हें रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इससे गुस्साए छात्र व अभिभावक ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिसकर्मियों ने भी फायरिंग की। पुलिस महानिरीक्षक विधि व्यवस्था ने बताया है कि फायरिंग में दो छात्र मारे गए हैं और पांच जख्मी हैं।

घटना से क्रोधित लोगों ने बीएलआरओ व पुलिस के दो अधिकारी समेत पांच लोगों को स्कूल कार्यालय में बंदकर बाहर से ताला जड़ दिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे। भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 को जाम कर दिया और तीन पुलिस वाहन व चार सरकारी बसों को आग के हवाले कर दिया। घायलों में एक शिक्षिका के अलावा छात्र व अभिभावक पुलिस के कई कर्मी एवं बीएलआरओ शामिल है। घटना के विरोध में सभी राजनीतिक दल हो गए हैं। कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस ने इस्लामपुर टर्मिनल के सामने जाम किया है। कांग्रेस, माकपा समेत कई पार्टियों व छात्र संगठनों ने शुक्रवार को 12 घंटे का बंद बुलाया है। छात्र संगठन डीएसओ व एसयूसीआई ने भी इस्लामपुर बंद का समर्थन किया है।

 

Poll

क्या शिक्षक ! शिक्षक रह गया है ?: